जिले के हर विकासखंड में खुलेंगे मछली दाना केंद्र, मत्स्य पालकों को मिलेगी स्थानीय सुविधा

कलेक्टर ने ग्राम सियादेवी में मत्स्य पालन इकाई का किया निरीक्षण, उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने पर दिया जोर

धमतरी। जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और इसे ग्रामीण आजीविका का बेहतर माध्यम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है। कलेक्टर ने जिले के प्रत्येक विकासखंड में एक-एक मछली दाना केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इससे मत्स्य पालकों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण आहार उपलब्ध होगा और उन्हें इसके लिए दूरस्थ स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

मछली और झींगा पालन से ग्रामीणों की आय बढ़ाने की पहल

इसी क्रम में कलेक्टर ने ग्राम सियादेवी में कृषि महाविद्यालय के समीप संचालित मत्स्य पालन इकाई का निरीक्षण किया।उन्होंने मत्स्य पालक खेमिन बाई से चर्चा कर मछली एवं झींगा पालन, उत्पादन, आहार की उपलब्धता और व्यवसाय में आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली।

मत्स्य पालकों को स्थानीय स्तर पर मिलेगा गुणवत्तापूर्ण मछली आहार

खेमिन बाई ने बताया कि वे वर्ष 2020 से मछली और झींगा पालन कर रही हैं। मछलियों का आहार उन्हें धमतरी से लाना पड़ता है। इस पर कलेक्टर ने स्थानीय स्तर पर मछली दाना और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि परिवहन खर्च और समय की बचत हो सके।

आठ डबरियों और दो तालाबों में संचालित हो रही मत्स्य पालन गतिविधियां

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि परिसर में आठ डबरियों और दो तालाबों का निर्माण किया गया है। वहीं कुकरेल क्षेत्र में भी लगभग 50 डबरियां बनाई गई हैं। मत्स्य पालकों को विभागीय योजनाओं के माध्यम से तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।

मत्स्य पालन को स्वरोजगार और आजीविका का मजबूत माध्यम बनाने पर जोर

कलेक्टर ने मत्स्य पालन का उत्पादन बढ़ाने, जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और अधिक से अधिक किसानों एवं ग्रामीण परिवारों को इससे जोड़ने पर जोर दिया।कहा कि मत्स्य पालन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और अतिरिक्त आय का प्रभावी माध्यम बन सकता है।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, एसडीएम मनोज मरकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *