पर्यटन, मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय से संवरेगी नगरी-सिहावा की तस्वीर

राम वनगमन पथ, गणेश घाट और श्रृंगी ऋषि क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का होगा विस्तार, किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने पर जोर

100 एकड़ तालाबों में मखाना उत्पादन को मिलेगा प्रोत्साहन, नगरी क्षेत्र में बनेंगे लगभग 10 दुग्ध संग्रहण केंद्र

धमतरी। नगरी-सिहावा अंचल को पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। क्षेत्र में धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देकर किसानों, पशुपालकों एवं ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

इसी सिलसिले में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नगरी प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

राम वनगमन पथ और गणेश घाट में बढ़ेंगी पर्यटन सुविधाएं

कलेक्टर ने देवपुर स्थित राम वनगमन पथ में निर्माणाधीन छह कॉटेज, दो डॉरमेट्री और गार्डन का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं गणेश घाट में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संरचना विकसित की जा रही है। यहां घाट, पार्क, रेस्टोरेंट और रिसॉर्ट जैसी पर्यटन सुविधाएं विकसित करने की योजना है।श्रृंगी ऋषि पर्वत स्थित मंदिर तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुगम पहुंच के लिए सड़क चौड़ीकरण की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसका सर्वे लगभग पूरा हो चुका है।

100 एकड़ तालाबों में होगा मखाना उत्पादन

किसानों की आय के वैकल्पिक स्रोत विकसित करने के उद्देश्य से कलेक्टर ने मखाना उत्पादन के लिए तैयार किए गए लगभग 100 एकड़ क्षेत्र के तालाबों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर मखाना उत्पादन को प्रोत्साहित करने तथा इससे जुड़ी प्रसंस्करण और विपणन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

नगरी में बनेंगे 10 दुग्ध संग्रहण केंद्र

दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर ने पशु सखियों की बैठक लेकर पशुपालकों के पंजीयन और दुग्ध संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा की।बताया कि नगरी क्षेत्र में लगभग 10 दुग्ध संग्रहण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। यहां सुबह और शाम दूध का संग्रहण किया जाएगा, जिससे पशुपालकों को नियमित विक्रय सुविधा और बेहतर मूल्य मिल सकेगा।वहीं कलेक्टर ने पशु सखियों को अधिक से अधिक पशुपालकों को इस व्यवस्था से जोड़ने तथा पशुओं के पोषण, स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के माध्यम से पशु सखियों को गुजरात भ्रमण कराने की योजना की जानकारी भी दी। साथ ही चिलिंग प्लांट के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक भवन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि पर्यटन विकास के साथ कृषि और पशुपालन आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। इससे स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *