
कृषक उन्नति योजना के प्रचार-प्रसार और रकबा समर्पण के लिए किसानों को जागरूक करने के निर्देश
धमतरी। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रों एवं सीमावर्ती चेकपोस्टों की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में एसडीएम कुरूद पीयूष तिवारी, प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख एवं शाखा प्रबंधक मगरलोड ने धान खरीदी केंद्र बोरसी और मोहेरा चेकपोस्ट का निरीक्षण किया।
खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा और नियमों के पालन पर प्रशासन का फोकस
धान खरीदी केंद्र बोरसी में अधिकारियों ने खरीदी व्यवस्था, किसानों की सुविधाओं, अभिलेखों के संधारण और शासन के दिशा-निर्देशों के पालन की समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों को किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा नियमानुसार पारदर्शी तरीके से धान खरीदी करने के निर्देश दिए।
किसानों को कृषक उन्नति योजना के लाभों की जानकारी देने पर जोर
अधिकारियों ने कृषक उन्नति योजना के प्रावधानों एवं लाभों का किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा रकबा समर्पण के लिए उन्हें जागरूक करने पर जोर दिया। साथ ही वास्तविक खेती के अनुरूप पंजीकृत रकबे का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मोहेरा चेकपोस्ट पर अवैध धान परिवहन रोकने निगरानी बढ़ाने के निर्देश
इसके बाद मोहेरा चेकपोस्ट का निरीक्षण कर धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया। अधिकारियों ने चेकपोस्ट कर्मचारियों को सतर्कता से ड्यूटी करने, आवागमन के अभिलेख व्यवस्थित रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जिला प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रों और चेकपोस्टों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि वास्तविक किसानों से नियमानुसार धान खरीदी हो और व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।

