
एनआईटी रायपुर और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल, हैंडलूम-टेक्सटाइल क्षेत्र में मिलेगा कौशल, तकनीक, ब्रांडिंग और मार्केटिंग का प्रशिक्षण
200 महिलाओं को ‘करोड़पति दीदी’ बनाने का लक्ष्य, स्थानीय हस्तनिर्मित उत्पादों को मिलेगी नई पहचान
धमतरी। जिले की पारंपरिक बुनकरी कला और हस्तनिर्मित उत्पादों को आधुनिक तकनीक एवं वैश्विक बाजार से जोड़ने में जिला प्रशासन और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर ने अभिनव पहल की है। इसी कड़ी में भोपालराव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, रूद्री में ‘स्त्री स्किल सेंटर’ का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को हैंडलूम एवं टेक्सटाइल क्षेत्र में कौशल प्रशिक्षण के साथ उत्पाद निर्माण, गुणवत्ता सुधार, व्यवसाय प्रबंधन, ब्रांडिंग और मार्केटिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा,जिसके तहत 200 महिलाओं को ‘करोड़पति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
स्त्री स्किल सेंटर से हुनर को मिलेगा कारोबार का रूप
महापौर ने कहा कि महिलाओं को कौशल और उद्यमिता से जोड़ना आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि इस पहल से महिलाओं को अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने और आर्थिक रूप से सक्षम बनने का अवसर मिलेगा।
धमतरी की बुनकरी को मिलेगा आधुनिक तकनीक और वैश्विक बाजार का साथ
आईआईएम रायपुर के निदेशक डॉ. संजीव पाराशर ने स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने, बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन और समूह आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। वहीं एनआईटी रायपुर के निदेशक प्रो. वे. रमन्ना राव ने कहा कि संस्थान महिलाओं को तकनीकी एवं उद्यमिता संबंधी मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करेगा।
प्रशिक्षण से लेकर ब्रांडिंग और मार्केटिंग तक महिलाओं को मिलेगा मार्गदर्शन
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी में हैंडलूम और बुनकरी की समृद्ध परंपरा है। स्थानीय खादी वस्त्रों एवं हस्तनिर्मित उत्पादों को आधुनिक डिजाइन, बेहतर गुणवत्ता और प्रभावी ब्रांडिंग के माध्यम से बड़े बाजारों तक पहुंचाने की जरूरत है। स्त्री स्किल सेंटर स्थानीय हुनर को रोजगार और उद्यमिता के अवसरों में बदलने का माध्यम बनेगा।जिला पंचायत के सीईओ जयंत नाहटा ने बताया कि केंद्र में प्रशिक्षण के साथ उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग और बाजार से जुड़ाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एनआईटी के फैकल्टी इंचार्ज अनुज शुक्ला ने भी संस्थान की तकनीकी एवं प्रशिक्षण सुविधाओं का लाभ स्थानीय महिलाओं और उद्यमियों को उपलब्ध कराने की बात कही।
स्थानीय हस्तनिर्मित उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल
इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग के सहयोग से उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी) कार्यशाला भी आयोजित की गई। अतिथियों ने स्थानीय बुनकर समितियों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा उद्यमियों, युवाओं और महिलाओं को सम्मानित किया।स्त्री स्किल सेंटर के माध्यम से धमतरी की पारंपरिक बुनकरी को आधुनिक उद्यमिता से जोड़कर महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, रोजगार सृजन और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

