धान खरीदी में किसानों की बढ़ती भागीदारी, अब तक 6,694 किसानों से 23 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान का उपार्जन

जिले में 1,813 टोकन जारी, आगामी दिनों में 6,870 मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी का लक्ष्य

2,674 किसानों ने 101.32 हेक्टेयर कृषि रकबे का किया समर्पण, पारदर्शी खरीदी पर प्रशासन का जोर

धमतरी। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला लगातार जारी है। किसान अपनी उपज बेचने के लिए खरीदी केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। टोकन प्रणाली के माध्यम से खरीदी की प्रक्रिया संचालित की जा रही है, वहीं वास्तविक कृषि रकबे के अनुरूप धान उपार्जन सुनिश्चित करने के लिए रकबा समर्पण भी कराया जा रहा है।

आगामी खरीदी के लिए 1,813 टोकन जारी, 6,870.27 मीट्रिक टन धान का उपार्जन प्रस्तावित

26 नवंबर की स्थिति में जिले के 6,694 किसानों से कुल 23,093.76 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। आगामी खरीदी के लिए 1,813 टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 6,870.27 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जाना है।

पारदर्शी खरीदी की दिशा में पहल, 2,674 किसानों ने किया रकबा समर्पण

धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से रकबा समर्पण की प्रक्रिया भी जारी है। अब तक जिले के 2,674 किसानों ने कुल 101.32 हेक्टेयर कृषि रकबे का समर्पण किया है। इससे वास्तविक खेती के अनुरूप रकबे का अभिलेख संधारण करने और खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

खरीदी केंद्रों में तौल, गुणवत्ता और धान के सुरक्षित रखरखाव पर प्रशासन की निगरानी

जिला प्रशासन द्वारा सभी खरीदी केंद्रों में टोकन के अनुसार धान उपार्जन, उपज की गुणवत्ता की जांच, सही तौल और धान के सुरक्षित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है एवं अधिकारियों को खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें समर्थन मूल्य का लाभ सरल एवं सुगम तरीके से मिल सके। इसके लिए खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *