

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिए निर्माण कार्यों के निर्देश
नगरी प्रवास के दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं समाज प्रमुखों से की चर्चा, धार्मिक स्थल के विकास पर दिया जोर
धमतरी। जिले के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था के केंद्रों में शामिल ग्राम कुम्हड़ा स्थित कुम्हड़ाईन दाई मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मंदिर परिसर में शेड निर्माण के साथ पेवर कार्य कराया जाएगा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नगरी प्रवास के दौरान मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मंदिर समिति एवं समाज प्रमुखों से चर्चा कर जानी आवश्यकताएं
इस दौरान कलेक्टर ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं समाज प्रमुखों से चर्चा कर मंदिर के विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा धार्मिक आयोजनों के बेहतर प्रबंधन के संबंध में जानकारी ली। समिति के सदस्यों ने बताया कि मंदिर क्षेत्र का प्रमुख आस्थागत केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष दो बार मेले का आयोजन होता है, जिसमें धमतरी सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस अवसर पर मंदिर समिति द्वारा भंडारे का आयोजन भी किया जाता है।
कुम्हड़ाईन दाई मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होगा शेड निर्माण
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए समिति ने मंदिर परिसर में शेड निर्माण की आवश्यकता बताई, ताकि मेले, भंडारे एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान लोगों को धूप और बारिश से बचाव के साथ बैठने की सुविधा मिल सके,जिस पर कलेक्टर ने समिति के सुझावों पर सकारात्मक पहल करते हुए मंदिर परिसर में शेड निर्माण एवं पेवर कार्य कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का विकास करना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और स्थानीय धार्मिक परंपराओं को भी प्रोत्साहन मिले।
धार्मिक स्थल पर सुविधाओं के विस्तार से मेले और आयोजनों में मिलेगी सहूलियत
प्रस्तावित निर्माण कार्यों से मंदिर परिसर में सुविधाओं का विस्तार होगा तथा मेले एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा।इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ जयंत नाहटा, एसडीएम नगरी मरकाम, जनपद पंचायत नगरी के सीईओ विमल साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

