

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने श्रृंगीऋषि पर्वत और कर्णेश्वर धाम में दर्शन कर पर्यटन विकास की कार्ययोजना पर की चर्चा, एक साल में अधिकांश कार्य पूरे करने का लक्ष्य
धमतरी। ऋषि-मुनियों की तपोभूमि सिहावा-नगरी को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। नगरी प्रवास के दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने श्रृंगीऋषि पर्वत और कर्णेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने श्रृंगीऋषि विकास समिति एवं कर्णेश्वर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पर्यटन विकास की कार्ययोजना पर चर्चा की।
सिहावा-नगरी के पर्यटन विकास पर जिला प्रशासन ने तेज की पहल
कलेक्टर ने कहा कि सिहावा-नगरी में मंदिर, महानदी, पहाड़ और जंगल के रूप में प्रकृति एवं आध्यात्मिकता का अनूठा संगम है। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इन विशेषताओं को एक समग्र पर्यटन परिपथ के रूप में विकसित कर क्षेत्र को देशभर में पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
गणेश घाट से श्रृंगीऋषि पर्वत तक विकसित होंगी सुविधाएं
कलेक्टर ने बताया कि श्रृंगीऋषि मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। गणेश घाट में भव्य घाट निर्माण की योजना तैयार की गई है। इसके अलावा पर्यटकों के रात्रि विश्राम के लिए रिजॉर्ट, सामाजिक आयोजनों के लिए हॉल एवं गार्डन विकसित किए जाएंगे। कर्णेश्वर मंदिर परिसर में गार्डन और धार्मिक आयोजनों तथा पिंडदान के लिए बड़े लंगर हॉल का निर्माण भी प्रस्तावित है। महानदी के संगम स्थल को भी सुविधायुक्त और आकर्षक बनाया जाएगा।उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं मंदिर समितियों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील करते हुए बताया कि अधिकांश कार्यों को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पहले चरण में 20 करोड़ रुपये के होंगे कार्य
जिला पंचायत के सीईओ जयंत नाहटा ने बताया कि पर्यटन विकास के प्रथम चरण में लगभग 20 करोड़ रुपये के कार्य कराए जाएंगे। इससे क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के अवसर विकसित होंगे। विकास कार्यों के दौरान प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाएगा,जिस पर कर्णेश्वर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विकल्प गुप्ता ने क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की पहल के लिए कलेक्टर का आभार व्यक्त किया।

