
सांकरा में जनभागीदारी से चला स्वच्छता अभियान, अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने निभाई सहभागिता
धमतरी। स्वच्छ और सुंदर परिवेश के निर्माण में जनभागीदारी की अहम भूमिका होती है। इसी उद्देश्य से नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत सांकरा स्थित दंतेश्वरी माता मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ मंदिर परिसर में किया श्रमदान
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।साथ में जिला पंचायत के सीईओ जयंत नाहटा सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने भी साफ-सफाई में भाग लिया।अभियान के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई। साथ ही उपस्थित लोगों ने सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए आम नागरिकों को जागरूक किया।
स्वच्छता के लिए प्रशासन और समाज को मिलकर करना होगा प्रयास – कलेक्टर
कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है,जब प्रशासन, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मिलकर प्रयास करते हैं, तो स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है और सकारात्मक बदलाव आता है।
जनभागीदारी से चला स्वच्छता अभियान, धार्मिक स्थल को किया साफ
उन्होंने नागरिकों से अपने गांव, शहर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।कहा कि श्रमदान केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत करता है।अभियान के माध्यम से जनसामान्य को यह संदेश दिया गया कि जनभागीदारी और नियमित प्रयासों से ही स्वच्छ एवं सुंदर गांवों का निर्माण संभव है।

