
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से की चर्चा, सामुदायिक उपयोग के लिए 1.27 करोड़ रुपये स्वीकृत
धमतरी। नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत सांकरा को पूर्णतः सौर ऊर्जा आधारित गांव बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू की है।कलेक्टर ने ग्राम पंचायत भवन में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर योजना की जानकारी दी।
सार्वजनिक सुविधाओं के लिए 1.27 करोड़ रुपये की मिली स्वीकृति
कलेक्टर ने बताया कि सामुदायिक उपयोग के लिए 1 करोड़ 27 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र, विश्राम गृह, बस स्टैंड और पेयजल व्यवस्था सहित अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को सौर ऊर्जा से संचालित किया जाएगा।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से घरों में सोलर संयंत्र लगाने की अपील की
उन्होंने ग्रामीणों से अपने घरों में भी सोलर संयंत्र लगाने और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की अपील की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करने और योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के संचालन के लिए दिए निर्देश
इस दौरान कलेक्टर ने सामुदायिक भवन और अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण कर भवन को आधिपत्य में लेकर संचालन शुरू करने के निर्देश भी दिए।बैठक में जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, एसडीएम मनोज मरकाम, जनपद पंचायत नगरी के सीईओ विमल साहू सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।

