धान खरीदी, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा

रकबा समर्पण बढ़ाने, लंबित निर्माण कार्यों में तेजी लाने और किसानों की समस्याओं का निराकरण करने के दिए निर्देश

चावल जमा नहीं करने वाले राइस मिलर्स को नोटिस जारी करने के निर्देश
धमतरी। कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक लेकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, शासकीय योजनाओं और जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा अधिक से अधिक रकबा समर्पण सुनिश्चित किया जाए।

चावल जमा नहीं करने वाले राइस मिलर्स को नोटिस जारी करने के निर्देश

कलेक्टर ने कृषक पंजीयन, फसल क्षति और मुआवजा वितरण की जानकारी लेते हुए प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने कहा।वहीं चावल जमा करने की समीक्षा के दौरान अब तक चावल जमा नहीं करने वाले राइस मिलर्स को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में रबी फसल की तैयारी, पीएम-आशा के तहत खरीदी, किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, पशु सखी पंजीयन, मखाना उत्पादन और ऑयल पाम की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने अम्बेडकर चौक सर्वे, रेलवे से जुड़े कार्य, कांटा तालाब, इंडोर स्टेडियम, नवीन ऑडिटोरियम और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली तथा लंबित कार्यों को शीघ्र शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। आगामी सरस मेले की तैयारियों, व्यवसायिक परिसर निर्माण और सार्थक स्कूल के छात्रावास निर्माण की भी समीक्षा की।

योजनाओं और शिकायतों के निराकरण पर जोर
कलेक्टर ने स्वामित्व योजना का प्रचार-प्रसार बढ़ाने, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लंबित आवेदनों का निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन उपलब्ध कराने कहा। हड़ताल से लौटे पटवारियों को डीएससी और नक्शा-बटांकन के कार्यों में लगाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा कुपोषण मुक्ति अभियान के लिए प्रत्येक विकासखंड में पांच-पांच गांवों का चयन करने को कहा।

ई-ऑफिस से कार्यों में आएगी तेजी
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अधिक से अधिक कार्यालयीन फाइलों का संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से करने के निर्देश दिए। कहा कि इससे शासकीय कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और फाइलों के निराकरण में तेजी आएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *