ऑनलाइन टोकन से धान विक्रय हुआ आसान, पक्का मकान बनाने का सपना संजो रहे किसान इलोक राम साहू

चार एकड़ में करते हैं खेती, अब तक बेच चुके हैं 20 क्विंटल धान, शेष उपज के लिए मिला 22 क्विंटल का टोकन

धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और ऑनलाइन टोकन व्यवस्था किसानों के लिए सुविधाजनक साबित हो रही है। ग्राम खरतुली के किसान इलोक राम साहू भी इस व्यवस्था का लाभ उठा रहे हैं। सेवा सहकारी समिति लोहरसी के अंतर्गत आने वाले साहू लगभग चार एकड़ में धान की खेती करते हैं। वे अब तक 20 क्विंटल धान बेच चुके हैं और शेष उपज के विक्रय के लिए उन्हें 22 क्विंटल का दूसरा टोकन मिल गया है।

ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से किसानों को घर बैठे मिल रही धान विक्रय की सुविधा

वे बताते हैं कि ऑनलाइन टोकन मिलने से घर बैठे धान विक्रय की तारीख तय हो जाती है, जिससे अनावश्यक भागदौड़ और इंतजार से राहत मिलती है। उपार्जन केंद्र में पेयजल, बैठने, बारदाने और माइक्रो एटीएम जैसी सुविधाएं भी किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रही हैं।

धान की कमाई से खरीदी जमीन, अब पक्का मकान बनाने का सपना

साहू बताते हैं कि पिछले तीन वर्षों से धान की अच्छी कीमत मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। पिछले वर्ष धान विक्रय से प्राप्त राशि से उन्होंने पांच डिसमिल जमीन खरीदी है। अब उनका सपना इसी जमीन पर अपने परिवार के लिए पक्का मकान बनाने का है।

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से किसानों को मिल रहा आर्थिक संबल

इलोक राम साहू की कहानी बताती है कि खेती से प्राप्त आमदनी का सुनियोजित उपयोग परिवार की जरूरतों को पूरा करने और भविष्य के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *