
मोबाइल और कीमती सामान से भरा बैग सुरक्षित लौटाकर पेश की कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल, सामान पाकर हिना यादव ने जताया आभार
धमतरी। पुलिस के आरक्षक किशोर गायकवाड़ ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए ऑटो में छूटा महिला का बैग सुरक्षित वापस लौटाया। बैग में मोबाइल सहित अन्य आवश्यक एवं कीमती सामान रखा हुआ था।
ऑटो में छूटा मोबाइल और कीमती सामान से भरा बैग महिला को लौटाया
जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली धमतरी में पदस्थ आरक्षक किशोर गायकवाड़ को ऑटो में यात्री का बैग छूटने की जानकारी मिली। उन्होंने बैग और उसमें रखे सामान को सुरक्षित रखते हुए उसके वास्तविक मालिक की पतासाजी शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद बैग की मालकिन कांकेर जिले के चारामा निवासी हिना यादव की पहचान हुई।
सामान वापस पाकर महिला ने धमतरी पुलिस का जताया आभार
इसके बाद आरक्षक ने थाना सिटी कोतवाली में हिना यादव को उनका पूरा सामान सुरक्षित सुपुर्द कर दिया।खोया हुआ सामान वापस मिलने पर हिना यादव ने धमतरी पुलिस और आरक्षक किशोर गायकवाड़ के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस की संवेदनशील पहल से आमजन का विश्वास हुआ मजबूत
एसपी के निर्देशन में धमतरी पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ जनसेवा और आम नागरिकों की सहायता के लिए भी प्रतिबद्ध है। आरक्षक की इस पहल ने पुलिस की ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना को प्रदर्शित किया है।

