
एसपी भावना पांडेय की अनुशंसा पर जिला दण्डाधिकारी ने जारी किया आदेश, धमतरी सहित सात जिलों की सीमाओं से निष्कासित
मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में रहा है संलिप्त, जेल से रिहाई के बाद प्रभावशील होगा आदेश
धमतरी। जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आदतन अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस की अनुशंसा पर जिला दण्डाधिकारी अबिनाश मिश्रा ने आदतन बदमाश एवं चिट्टा तस्करी के आरोपी अभिनव तिवारी उर्फ लवली के खिलाफ जिला बदर का आदेश जारी किया है।
जेल से रिहाई के बाद एक साल तक सात जिलों में प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध
आदेश के तहत आरोपी को धमतरी सहित रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर, कोण्डागांव और गरियाबंद की राजस्व सीमाओं से एक वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है। वर्तमान में जिला जेल धमतरी में निरुद्ध होने के कारण आदेश उसकी रिहाई के बाद प्रभावशील होगा।
चिट्टा तस्करी और मारपीट के मामलों में संलिप्त बदमाश पर जिला बदर की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2023 से मारपीट, जान से मारने की धमकी, हथियारों से भय उत्पन्न करने और मादक पदार्थ चिट्टा की तस्करी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुंडा सूची में शामिल किए जाने और पूर्व प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद आपराधिक गतिविधियां जारी रहने पर एसपी ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(क) एवं 5(ख) के तहत जिला बदर की अनुशंसा की थी। इसके बाद जिला दण्डाधिकारी ने प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों और आपराधिक रिकॉर्ड का परीक्षण कर निष्कासन आदेश पारित किया।
आरोपी का विवरण
- नाम अभिनव तिवारी उर्फ लवली
- उम्र 35 वर्ष
- निवासी आमातालाब रोड, गली नंबर-04, धमतरी
- थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी
- असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने धमतरी पुलिस की सख्ती जारी
- पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निगरानी और सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

