
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसल बर्बाद, 20 दिन बाद भी सर्वे नहीं होने पर जताई नाराजगी
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री और कलेक्टर से की किसानों को शीघ्र राहत देने की मांग
धमतरी। कुरूद के पूर्व विधायक एवं किसान लेखराम साहू ने बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसल को हुए नुकसान पर किसानों को तत्काल फसल बीमा एवं क्षतिपूर्ति राशि देने की मांग की है।कहा कि किसान हर साल फसल बीमा का प्रीमियम जमा करते हैं, लेकिन नुकसान होने के बाद भी उन्हें बीमा राशि के लिए भटकना पड़ रहा है।
फसल नुकसान के 20 दिन बाद भी सर्वे नहीं होने पर लेखराम साहू ने उठाए सवाल
लेखराम साहू ने आरोप लगाया कि किसानों से सोसायटियों के माध्यम से प्रति एकड़ 1,320 रुपये तक बीमा प्रीमियम लिया जाता है, लेकिन फसल खराब होने के बावजूद बीमा कंपनी के अधिकारी खेतों का सर्वे करने नहीं पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि टोल फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज कराने के 20 दिन बाद भी सर्वे नहीं हुआ है, जबकि किसानों को 72 घंटे के भीतर सूचना देने की प्रक्रिया बताई जाती है।
सात दिनों के भीतर सर्वे पूरा कर किसानों को भुगतान करने की मांग
उन्होंने सरकार से मांग की कि फसल नुकसान का सर्वे सात दिनों के भीतर पूरा कराकर पात्र किसानों के खातों में बीमा एवं क्षतिपूर्ति की राशि सीधे जमा की जाए,ताकि किसानों को अनावश्यक कार्यालयों और बीमा कंपनियों के चक्कर न लगाने पड़ें।
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की अपील
लेखराम साहू ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसान आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ से जूझ रहे हैं,ऐसे समय में सरकार को किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए तत्काल राहत प्रदान करनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और कलेक्टर धमतरी से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की अपील की। इस दौरान उपस्थित किसानों ने भी फसल बीमा राशि के जल्द भुगतान की मांग उठाई।

