
धमतरी जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू, 18 वर्ष के होने वाले युवाओं को भी अग्रिम आवेदन की सुविधा
धमतरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 शुरू हो गया है। इसके तहत 12 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया है। नागरिक 11 दिसंबर 2026 तक नाम जोड़ने, संशोधन कराने और अपात्र नामों के विलोपन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए अलग-अलग प्रारूप निर्धारित
जिले के सिहावा, कुरूद एवं धमतरी विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों में बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से आवेदन लिए जा रहे हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-6, नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7 तथा नाम, पता एवं अन्य प्रविष्टियों में संशोधन के लिए प्रारूप-8 में आवेदन किया जा सकता है।
18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं को अग्रिम आवेदन की सुविधा
ऐसे युवा, जो 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करेंगे, वे भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं,जिसके संबंधित अर्हता तिथि को निर्धारित आयु पूर्ण होने पर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और परिवार के पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की जांच करें। साथ ही स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटवाने तथा त्रुटियों में सुधार कराने में सहयोग करें। पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।

