ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने उद्यमिता से जोड़ने पर जोर

कृषि महाविद्यालय कुरूद में नाबार्ड के ग्राम युवा शक्ति अभियान के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

धमतरी। ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुरूद में नाबार्ड के राष्ट्रव्यापी ग्राम युवा शक्ति अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।

कृषि आधारित उद्यम एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से कराया गया परिचित

कलेक्टर के निर्देशानुसार आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को कृषि आधारित उद्यम, वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सुविधाओं, कौशल विकास एवं स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी गई।

ग्रामीण विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर दिया गया जोर

कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवा अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार के माध्यम से गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित कर सकते हैं। उन्हें कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, विपणन तथा स्थानीय संसाधनों पर आधारित लघु उद्योगों की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया।

बैंक ऋण, वित्तीय साक्षरता और बैंकिंग सुविधाओं की दी गई जानकारी

लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर इंदर कुमार तड़वानी एवं बैंक प्रतिनिधियों ने बैंकिंग सेवाओं, ऋण सुविधाओं और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी दी। वहीं, आरसेटी के प्रतिनिधियों ने कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने के अवसर बताए तथा जिला युवा अधिकारी सृष्टि डोंसरे ने नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में नाबार्ड के दिलीप कुमार दामानी, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. नवनीत राणा सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, बैंक अधिकारी एवं महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं में उद्यमशीलता की सोच विकसित कर उन्हें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *