
शराब पीकर वाहन चलाने वालों की भी एल्कोमीटर से जांच, यातायात पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
धमतरी। एसपी के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन बुलेट मोटरसाइकिलों में तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर उन्हें उतरवाया गया।साथ ही वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
सात नाबालिग वाहन चलाते पकड़े गए, परिजनों को दी समझाइश
अभियान के दौरान सात नाबालिगों को मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़ा गया।यातायात पुलिस ने उनके परिजनों को कार्यालय बुलाकर समझाइश दी और निर्धारित आयु तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना बच्चों को वाहन नहीं देने की हिदायत दी।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों की एल्कोमीटर से जांच
इसके अलावा एल्कोमीटर से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
सड़क सुरक्षा के लिए धमतरी पुलिस का विशेष अभियान
धमतरी पुलिस ने वाहन चालकों और अभिभावकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों में अनधिकृत बदलाव नहीं कराने तथा नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने की अपील की है।

