
29 पुराने श्रम कानूनों को चार नई श्रम संहिताओं में किया गया समाहित, ऑनलाइन लाइसेंस और रिटर्न प्रक्रिया की भी दी जानकारी
धमतरी। जिले के निजी अस्पतालों के संचालकों, प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों को नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों से अवगत कराने श्रम विभाग द्वारा कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कार्यशाला आयोजित की गई। कलेक्टर के निर्देश पर आयोजित इस कार्यशाला में श्रमिकों के अधिकारों, नियोजकों की जिम्मेदारियों और श्रम कानूनों के पालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
29 पुराने श्रम कानूनों को चार नई श्रम संहिताओं में किया गया समाहित
कार्यशाला में श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में लागू 29 श्रम कानूनों को चार नई श्रम संहिताओं में समाहित किया गया है। इनमें मजदूरी भुगतान, बोनस, सामाजिक सुरक्षा, ईएसआईसी, ग्रेच्युटी तथा कार्यस्थल पर आवश्यक नियमों के पालन से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही नियोजकों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लाइसेंस प्राप्त करने और आवश्यक रिटर्न जमा करने की प्रक्रिया समझाई गई।
कर्मचारियों के अधिकारों और नियोजकों की जिम्मेदारियों पर हुई चर्चा
अधिकारियों ने अस्पताल संचालकों की समस्याओं एवं नई श्रम संहिताओं से जुड़ी शंकाओं का समाधान भी किया। इसके अलावा श्रमिकों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और पंजीयन संबंधी समस्याओं के लिए जिला श्रम कार्यालय अथवा श्रम संसाधन केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई।
पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने वाली श्रम अन्न सहायता योजना का प्रचार-प्रसार करने की अपील
कार्यशाला में शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि धमतरी शहर के निर्धारित केंद्रों पर जरूरतमंदों को पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन से इस योजना की जानकारी कर्मचारियों और मरीजों के परिजनों तक पहुंचाने की अपील की गई।
इस अवसर पर मौजूद थे
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर प्रीति दुर्गम, क्रिश्चियन अस्पताल के डॉ. एस.के. पटौंदा, गुप्ता अस्पताल के डॉ. सुमित गुप्ता, शिवनंदा अस्पताल के डॉ. विभोर नंदा सहित विभिन्न अस्पतालों के संचालक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। श्रम विभाग से श्रम पदाधिकारी, श्रम निरीक्षक विजेन्द्र चंद्राकर, कल्याण अधिकारी महेंद्र वर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

