मतदाता जागरूकता के लिए निर्वाचन साक्षरता क्लबों में होंगी निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं

विधानसभा क्षेत्रवार प्रतियोगिताएं 25 नवंबर और जिला स्तरीय प्रतियोगिता 26 नवंबर को होगी आयोजित

धमतरी। विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के निर्वाचन साक्षरता क्लबों (ईएलसी) के माध्यम से निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में संस्था स्तर की प्रतियोगिताएं पूरी होने के बाद अब विधानसभा क्षेत्रवार और जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

25 नवंबर को नगरी, कुरूद और धमतरी में होंगी विधानसभा क्षेत्रवार प्रतियोगिताएं

जिला पंचायत के सीईओ एवं स्वीप के नोडल अधिकारी द्वारा जारी संशोधित सूचना के अनुसार सिहावा-56, कुरूद-57 एवं धमतरी-58 विधानसभा क्षेत्रों की प्रतियोगिताएं 25 नवंबर को सुबह 11 बजे आयोजित की जाएंगी। इसके तहत सिहावा की प्रतियोगिता शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नगरी, कुरूद की शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरूद तथा धमतरी की प्रतियोगिता नारायण राव मेघावाले शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में होगी। इसमें संस्था स्तरीय प्रतियोगिताओं के शीर्ष दो विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।

26 नवंबर को धमतरी में आयोजित होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता

वहीं जिला स्तरीय प्रतियोगिता 26 नवंबर को सुबह 11 बजे नारायण राव मेघावाले शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी में आयोजित होगी। इसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से चयनित शीर्ष 10 विद्यार्थी भाग लेंगे।

निबंध के विषय होंगे ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ईवीएम, वीवीपैट, मतदाता सूची और मतगणना से जुड़े सवालों पर होगी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता

निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय निर्धारित किए गए हैं। विद्यार्थी इनमें से किसी एक विषय पर हिंदी अथवा अंग्रेजी में निबंध लिख सकेंगे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, ईवीएम, वीवीपैट, मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।

प्रतियोगिताओं के सुचारू आयोजन के लिए संबंधित शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। चयनित विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने, प्रतियोगिता के छायाचित्र एवं प्रतिभागियों की जानकारी सुरक्षित रखने तथा आयोजन का पालन प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में 23 नवंबर तक प्रस्तुत करने कहा गया है।इस पहल का उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देकर जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता बनाना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *