
गंभीर घायल महिला जिला अस्पताल में भर्ती, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
धमतरी। मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसमुडी में शराब पीने से मना करने पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर लोहे के हथौड़े से हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की रात चम्मन लाल साहु,उम्र 36 वर्ष,शराब के नशे में घर पहुंचा था।शराब पीने से मना करने को लेकर उसका पत्नी किरण साहु से विवाद हो गया।विवाद बढ़ने पर आरोपी ने लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर वार कर दिए और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना परिजनों ने डायल-112 को दी। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल सीएचसी मगरलोड पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया। महिला का उपचार जारी है।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और गवाहों के बयान दर्ज किए। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा सहित अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य बरामद कर जब्त किए गए।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

