
बारिश के पानी को जमीन में पहुंचाने की पहल, भू-जल संवर्धन और ग्रामीण जल सुरक्षा पर जोर
धमतरी। जिले में वर्षा जल संरक्षण और भू-जल संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए वीबी-जी रामजी योजना के तहत 357 रिचार्ज पिट निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इनका निर्माण विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से कराया जा रहा है।कलेक्टर के निर्देशन और जिला पंचायत के सीईओ के मार्गदर्शन में कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों को निर्माण में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।रिचार्ज पिट के जरिए बारिश के पानी को बहकर बाहर जाने से रोककर जमीन के भीतर पहुंचाया जाता है,इससे भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा मिलने के साथ कुओं, हैंडपंपों और अन्य जलस्रोतों के जलस्तर में सुधार की संभावना रहती है।
बारिश की हर बूंद सहेजने पर जोर
ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए इन संरचनाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिला पंचायत का लक्ष्य सभी 357 रिचार्ज पिट का निर्माण निर्धारित समय में पूरा कराना है, ताकि वर्षा जल का अधिकतम उपयोग और संरक्षण सुनिश्चित हो सके।सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने कहा कि रिचार्ज पिट निर्माण से वर्षा जल को स्थानीय स्तर पर संरक्षित कर भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा मिलेगा। कार्यों को तेजी से पूरा कराने के साथ गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।यह पहल जिले में जल संरक्षण से भू-जल संवर्धन और दीर्घकालिक जल सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

