
संवेदनशील इलाकों में लगातार लग रहे स्वास्थ्य शिविर, चिकित्सकीय दल जांच के साथ उपलब्ध करा रहे दवाइयां
धमतरी। बारिश के मौसम में मौसमी बीमारियों की आशंका को देखते हुए धमतरी स्वास्थ्य विभाग ने चिन्हांकित और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के साथ स्वास्थ्य शिविरों का सिलसिला तेज कर दिया है।स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र का जायजा ले रही हैं और जरूरत के अनुसार शिविर आयोजित कर लोगों की जांच एवं उपचार कर रही हैं।शिविरों में चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी बुखार, सर्दी-खांसी, उल्टी-दस्त सहित मौसमी लक्षणों वाले मरीजों की जांच कर जरूरत के अनुसार दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जा रहा है।
संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार फिलहाल जिले में मौसमी बीमारियों की स्थिति सामान्य है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य अमले को सक्रिय रखा गया है। मितानिन, एएनएम और अन्य मैदानी स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से भी घर-घर संपर्क कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली जा रही है तथा बीमारी के लक्षण मिलने पर लोगों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र या शिविर तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग की नजर विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर है, जहां पूर्व में मौसमी बीमारियों के मामले सामने आए हैं। किसी क्षेत्र में मरीजों की संख्या बढ़ने की सूचना मिलने पर तत्काल स्वास्थ्य दल भेजकर जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल का उपयोग, घर एवं आसपास साफ-सफाई, जलभराव रोकने और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार या अन्य लक्षण होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकीय परामर्श लें।वहीं कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बीमारियों की स्थिति पर निरंतर नजर रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में शिविर नियमित रूप से लगाने और किसी भी क्षेत्र में बीमारी के मामले बढ़ने पर तत्काल चिकित्सकीय दल भेजने के निर्देश दिए हैं।साथ ही दवाइयों एवं स्वास्थ्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया है।

