सक्षम योजना,से दयावती बनीं मसाला उद्यमी, आर्थिक आत्मनिर्भरता की राह हुई आसान

₹80 हजार की आर्थिक सहायता से शुरू किया गरम मसाले का व्यवसाय, बेटे की पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारी निभाने में मिला संबल

धमतरी। मेहनत, आत्मविश्वास और शासकीय योजनाओं का सहयोग जब एक साथ मिलता है, तो परिस्थितियां बदलने में देर नहीं लगती। ग्राम देमार की दयावती यादव की कहानी इसका प्रेरक उदाहरण है। कभी परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए मजदूरी पर निर्भर दयावती आज स्वयं का छोटा व्यवसाय संचालित कर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं।दयावती बताती हैं कि परिवार में उनके साथ 11वीं कक्षा में अध्ययनरत बेटा और ऐसी सासू मां हैं, जो काम करने में सक्षम नहीं हैं।आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण घर का खर्च चलाने और बेटे की पढ़ाई जारी रखने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था,इसी दौरान सक्षम योजना की जानकारी मिली। योजना के अंतर्गत प्राप्त ₹80,000 की सहायता राशि को स्वरोजगार में निवेश करने का निर्णय लिया और इस राशि से गरम मसाले का व्यवसाय शुरू किया।सीलिंग मशीन, पैकिंग सामग्री और आवश्यक कच्चा माल खरीदा। इलायची, तेजपत्ता, दालचीनी सहित अन्य मसालों को तैयार कर आकर्षक पैकिंग में बाजार तक पहुंचाने की दिशा में उन्होंने कदम बढ़ाया। आज उनके पास 100 से अधिक डिब्बों में पैक किया हुआ तैयार मसाला है और वे अपने उत्पाद को बेचकर आय अर्जित कर रही हैं, उनका लक्ष्य आने वाले समय में व्यवसाय का विस्तार कर अधिक मात्रा में मसाला उत्पादन एवं बिक्री करना है।दयावती कहती हैं कि सक्षम योजना ने उन्हें केवल आर्थिक सहायता नहीं दी, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मविश्वास भी दिया। अब वे परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण करने के साथ अपने बेटे की पढ़ाई को भी आगे बढ़ा पा रही हैं। “सक्षम योजना ने मुझे मजदूर से उद्यमी बना दिया। इस सहयोग ने मेरे जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास पैदा किया है।महतारी वंदन की राशि की किश्त भी मिल गयी है। राखी के पर्व पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद और शुभकामनाएं देते हुए दयावती ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे प्रयासों से उन्हें नई दिशा मिली है,सरकार की योजनाओं का लाभ महिलाओं तक पहुंचने से वे सम्मान के साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभा रही हैं। 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *