शिव सिंह वर्मा स्कूल के बच्चों ने तैयार की हस्तलिखित पत्रिका ‘गुंजन’, कलेक्टर ने की सराहना

धमतरी। शिव सिंह वर्मा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धमतरी की प्राचार्या के कुशल दिशा-निर्देश और शिक्षकों के मार्गदर्शन में शालेय बच्चों द्वारा एक अनूठी हस्तलिखित पत्रिका ‘गुंजन’ का निर्माण किया गया है।विद्यार्थियों की मेहनत से तैयार इस पत्रिका का संकलन, सुंदर लेखन, आकर्षक चित्रांकन और कलात्मक सज्जा स्वयं छात्र-छात्राओं ने की है,पत्रिका के फ्रंट कवर से लेकर बैक कवर तक का पूरा डाटा और इसकी हर एक रचना बच्चों ने अपने हाथों से तैयार की है,इस विशेष पत्रिका को विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षकों और रचनाकार विद्यार्थियों की उपस्थिति में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा को उनके कार्यालय में जाकर भेंट किया गया।कलेक्टर ने बच्चों द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए इस रंगीन और ओरिजिनल फॉर्मेट की गहराई से समीक्षा की और इस अनूठे प्रयास की प्रशंसा कर बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में इस मुहिम से और भी अधिक संख्या में छात्र-छात्राओं को जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने की बात कही।उल्लेखनीय है कि विद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष शालेय वार्षिक पत्रिका ‘गुंजन’ का प्रकाशन नियमित रूप से किया जाता रहा है।परंतु वर्तमान परिवेश में, जहां एआई (AI) और मोबाइल के जमाने में बच्चे इंटरनेट से सर्च करके ही सारा काम कर लेते हैं, जिससे उनकी मौलिक लेखन कला प्रभावित हो रही है, विद्यालय ने यह नई पहल की है। इसका मुख्य उद्देश्य डिजिटल माध्यमों के उपयोग के साथ-साथ विद्यार्थियों की स्वयं की हस्तलेखन शैली, पठन कौशल और रचनात्मक कलात्मक प्रतिभा को भी समान रूप से उभारना व संवारना है।इस हस्तलिखित पत्रिका के निर्माण में विशेष रूप से कक्षा 6 वीं से लेकर 9 वीं तक के जूनियर छात्र-छात्राओं ने सबसे अधिक संख्या में भाग लिया है। बच्चों के इस सुंदर और जीवंत प्रयास से प्रेरित होकर विद्यालय के अन्य बच्चे भी अब अपनी मौलिक रचनाएं प्रकाशित कराने के लिए उत्सुक नजर आ रहे है, जिसे देखते हुए विद्यालय प्रशासन अब आगामी दिसंबर माह में इसके अगले अंक के प्रकाशन के लिए प्रयासरत है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *