नशा मुक्त और टीबी मुक्त समाज का संदेश लेकर एनएसएस का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू

ग्राम सिरवे में 24 नवंबर तक आयोजित होगा शिविर, युवाओं को सामाजिक जागरूकता एवं सेवा कार्यों से जोड़ने की पहल

स्वच्छता, योगाभ्यास, स्वास्थ्य जागरूकता, पशु चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर जैसी गतिविधियां होंगी आयोजित

धमतरी। छत्तीसगढ़ महतारी महाविद्यालय भखारा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा नशा मुक्त एवं टीबी मुक्त युवा थीम पर सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन ग्राम सिरवे में 18 से 24 नवंबर तक किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ ग्राम पंचायत सिरवे की सरपंच राधाबाई साहू के मुख्य आतिथ्य एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र कुमार साहू की अध्यक्षता में हुआ।

सामाजिक बदलाव और स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर जोर

प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र कुमार साहू ने स्वागत उद्बोधन में राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं सामाजिक दायित्वों पर प्रकाश डाला। वहीं कार्यक्रम अधिकारी कामता प्रसाद साहू ने अतिथियों को शिविर की दिनचर्या एवं प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी।

योग, स्वास्थ्य जागरूकता और स्वच्छता अभियान से जुड़ेंगे युवा

शिविर के दौरान प्रतिदिन प्रभातफेरी, योगाभ्यास एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। योगाचार्य हिरेंद्र कुमार साहू द्वारा स्वयंसेवकों को नियमित योगाभ्यास कराया जाएगा एवं परियोजना कार्य के तहत ग्राम की गलियों, नालियों, चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं मंदिर परिसर में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

निःशुल्क पशु चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर का भी होगा आयोजन

बौद्धिक परिचर्चा के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा के दंत एवं नेत्र चिकित्सक, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनें तथा पशु चिकित्सा विभाग के विशेषज्ञ विभिन्न विषयों पर जानकारी देंगे। इसके अलावा शिविर स्थल पर निःशुल्क पशु चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।

नशा मुक्त और टीबी मुक्त समाज निर्माण का संकल्प लेकर जुटे एनएसएस स्वयंसेवक

शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे और टीबी के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।शिविर के सफल संचालन में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक मानसिंह साहू, प्रीति साहू, संगीता साहू, युवराज साहू, इतिबाला सोन सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शिविर की विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए शिविर नायक, शिविर नायिका, दलनायक एवं समितियों का गठन भी किया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *