नीमच की तर्ज पर विकसित होगी धमतरी की वनौषधि मण्डी, आधुनिक सुविधाओं का होगा विस्तार

अधिकारियों के दल ने नीमच औषधीय मण्डी का किया अध्ययन, नीलामी, गुणवत्ता परीक्षण और भंडारण व्यवस्था की ली जानकारी

किसानों और लघु वनोपज संग्राहकों को मिलेगा संगठित बाजार, उपज के बेहतर मूल्य और रोजगार के अवसरों को मिलेगा बढ़ावा

धमतरी। जिले के औषधीय फसल उत्पादक किसानों और लघु वनोपज संग्राहकों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से श्यामतराई स्थित वनौषधि मण्डी को नीमच (मध्यप्रदेश) की तर्ज पर आधुनिक एवं आदर्श मण्डी के रूप में विकसित करने की पहल की जा रही है।

कलेक्टर श्री मिश्रा के निर्देशानुसार तथा उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में अधिकारियों दल ने 17 से 20 नवंबर तक नीमच की औषधीय मण्डी का अध्ययन भ्रमण किया। इस दौरान दल ने औषधीय उत्पादों की आवक, नीलामी, विपणन, गुणवत्ता परीक्षण, ग्रेडिंग, भंडारण एवं प्रसंस्करण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

वनौषधि मण्डी में गुणवत्ता जांच से लेकर प्रसंस्करण तक मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

नवीन कृषि उपज मण्डी, श्यामतराई में 12 अक्टूबर 2026 को वनौषधि मण्डी का शुभारंभ किया गया था। इसका उद्देश्य औषधीय फसलों एवं लघु वनोपज के क्रय-विक्रय को व्यवस्थित कर किसानों और संग्राहकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।

औषधीय उत्पादों की नीलामी और विपणन व्यवस्था होगी अधिक पारदर्शी

नीमच भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने मण्डी प्रबंधन, पारदर्शी नीलामी, भुगतान व्यवस्था और व्यापारियों की सहभागिता की जानकारी ली। साथ ही औषधीय उत्पादों की छंटाई, ग्रेडिंग, गुणवत्ता जांच एवं सुरक्षित भंडारण की प्रक्रियाओं का अध्ययन किया।


नीमच की सफल मण्डी व्यवस्था से धमतरी को मिलेगी नई पहचान

भ्रमण से प्राप्त अनुभवों के आधार पर धमतरी की वनौषधि मण्डी के आधुनिकीकरण के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसमें गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला, ग्रेडिंग केंद्र, भंडारण, प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग जैसी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जाएगा। साथ ही किसानों को बाजार भाव और खरीदारों की जानकारी उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थित नीलामी प्रणाली विकसित करने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।

स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा

मण्डी के आधुनिक स्वरूप में विकसित होने से किसानों एवं वनांचल के संग्राहकों को संगठित बाजार और उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है। वहीं प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं विपणन गतिविधियों से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *