
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर पाल मौर्य से की मुलाकात, बस्तर संभाग के पिछड़ा वर्ग की समस्याओं से कराया अवगत
रायपुर। बस्तर संभाग में ओबीसी वर्ग को त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में आरक्षण का लाभ दिलाने तथा आगामी केंद्रीय जनगणना में पिछड़ा वर्ग के लिए पृथक कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर पाल मौर्य को ज्ञापन सौंपा।
हेमराज सोनी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने सौंपा ज्ञापन
बस्तर संभाग प्रभारी हेमराज सोनी के नेतृत्व में विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए राष्ट्रीय अध्यक्ष से कुशाभाऊ ठाकरे भाजपा कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की।
बस्तर संभाग के पिछड़ा वर्ग की समस्याओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष को कराया अवगत
ज्ञापन में मांग की गई कि बस्तर संभाग में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत चुनावों में ओबीसी वर्ग को आरक्षण का समुचित लाभ मिले, ताकि समाज की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके। साथ ही आगामी जनगणना में ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या दर्ज करने के लिए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की तरह पृथक कॉलम का प्रावधान किया जाए।
दोनों मांगों पर केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर चर्चा का मिला आश्वासन
जिस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर पाल मौर्य ने दोनों विषयों को गंभीरता से सुनते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार के स्तर पर चर्चा कर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष निर्देश दीवान, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी गजानंद कुलदीप, बीजापुर जिलाध्यक्ष लक्ष्मैया, सुकमा से धनीराम यादव, कांकेर से अरविंद जैन एवं संतोष पटेल, दंतेवाड़ा प्रभारी हरिराम साहू, सह प्रभारी मुरली नायडू, बस्तर जिला प्रभारी भूपेश चंद्राकर, संतोष बघेल, बीजापुर सह प्रभारी दशरथ साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।पदाधिकारियों ने पिछड़ा वर्ग समाज के अधिकारों एवं हितों की रक्षा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

