
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से जारी होगी टीसी, जिले के सभी संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों को दिया गया प्रशिक्षण
धमतरी। विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) जारी करने की प्रक्रिया ऑनलाइन करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। अब विद्यार्थियों को टीसी प्राप्त करने के लिए स्कूलों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जारी होगा स्थानांतरण प्रमाण पत्र
इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से टीसी जारी करने की प्रक्रिया पर विद्यालयों के प्राचार्यों को प्रशिक्षण दिया गया।
जिले के विद्यालयों के प्राचार्यों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री की मंशानुरूप एवं कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित प्रशिक्षण में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (ईडीटीएम) निलेश कुमार जांगड़े ने प्राचार्यों को ऑनलाइन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में पोर्टल पर आवेदन, प्रमाण पत्र जारी करने, आवश्यक अनुमोदन और पोर्टल संचालन की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया गया।
टीसी जारी करने की प्रक्रिया होगी सरल, पारदर्शी और समयबद्ध
प्राचार्यों को बताया गया कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से टीसी जारी करने की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होगी। इससे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का समय और श्रम बचेगा। साथ ही विद्यालयों में दस्तावेजों का बेहतर प्रबंधन और डिजिटल सेवाओं का विस्तार होगा।
शिक्षा व्यवस्था के डिजिटलीकरण की दिशा में जिला प्रशासन की पहल
प्रशिक्षण के दौरान ऑनलाइन प्रक्रिया में आने वाली संभावित तकनीकी समस्याओं और उनके समाधान की जानकारी भी दी गई, ताकि व्यवस्था लागू होने पर विद्यालयों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।जिला प्रशासन की इस पहल से शैक्षणिक सेवाओं के डिजिटलीकरण को बढ़ावा मिलेगा और विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को टीसी प्राप्त करने में अधिक सुविधा होगी।

