

78 वर्षीय बिरझा बाई साहू के निधन के बाद परिजनों ने पूरी की उनकी इच्छा, नेत्रदान से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों को मिलेगी नई रोशनी
धमतरी। मानवता और संवेदनशीलता की प्रेरक मिसाल पेश करते हुए मगरलोड विकासखंड के ग्राम अरौद निवासी 78 वर्षीय स्वर्गीय बिरझा बाई साहू के परिजनों ने उनके निधन के बाद नेत्रदान कराया। उनके इस योगदान से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन में रोशनी आने की उम्मीद है। जिले में यह 68वां नेत्रदान है।
परिजनों ने पूरी की अंतिम इच्छा, दो लोगों को मिलेगी नई रोशनी
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी प्रेमलाल साहू की माता बिरझा बाई साहू ने जीवित रहते हुए नेत्रदान की इच्छा जताई थी। 19 नवंबर को उनके निधन के बाद परिजनों ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्राम अरौद पहुंची और नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की। सुरक्षित रूप से प्राप्त नेत्रों को रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
परिजनों ने पेश की मानवता की मिसाल
बिरझा बाई के इस पुनीत कार्य में उनके पुत्रों, पुत्रियों, पौत्रों सहित पूरे साहू परिवार और ग्रामीणों ने सहयोग किया। परिजनों के इस निर्णय से समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता और मानवीय सेवा का संदेश गया है।
जिले में 68वां नेत्रदान
जिला नोडल अधिकारी (अंधत्व) डॉ. राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि जिले में यह 68वां नेत्रदान है। एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो जरूरतमंद लोगों को दृष्टि मिल सकती है।बताया कि नेत्रदान के लिए मृत्यु के बाद परिजन भी सहमति देकर यह पुनीत कार्य कर सकते हैं। नेत्रदान से मृतक के चेहरे पर कोई विकृति नहीं आती है।वहीं नेत्र चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र कुमार साहू ने नागरिकों से अपील की कि परिवार में किसी सदस्य के निधन के बाद नेत्रदान के इच्छुक परिजन विकासखंड के नेत्रदान अधिकारी अथवा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र के नेत्र चिकित्सा सहायकों से संपर्क करें।इस कार्य में सीएमएचओ डॉ. ए.के. टोंडर, जिला नोडल अधिकारी डॉ. राजेश सूर्यवंशी, सहायक जिला नोडल अधिकारी डॉ. गुरुशरण साहू एवं खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शारदा ठाकुर के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

