असामयिक बारिश से धान बचाने उपार्जन केंद्रों में पुख्ता इंतजाम के निर्देश

जिले के 108 केंद्रों में से 107 में जारी हुए थे टोकन, बारिश के चलते आमदी और मगरलोड में ही जारी रही खरीदी

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी के दिए निर्देश

धमतरी। चक्रवात ‘अकवन’ के प्रभाव से जिले में हो रही असामयिक बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने धान उपार्जन केंद्रों में खरीदे गए धान की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी एसडीएम, जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को धान को भीगने से बचाने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा है।

कलेक्टर ने सभी केंद्रों में पर्याप्त केप कवर और तिरपाल की व्यवस्था करने, खुले में रखे धान को सुरक्षित ढंकने तथा जल निकासी के लिए ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा है।

बारिश से धान खरीदी प्रभावित

जिले के 108 धान उपार्जन केंद्रों में से 107 केंद्रों में 20 नवंबर को खरीदी के लिए टोकन जारी किए गए थे। हालांकि, बारिश के कारण खरीदी कार्य प्रभावित हुआ और आमदी एवं मगरलोड केंद्र में ही खरीदी जारी रही। शेष केंद्रों में मौसम को देखते हुए एहतियातन खरीदी बंद रखी गई।

अधिकारियों ने केंद्रों का किया निरीक्षण

कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों ने विभिन्न उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भटगांव केंद्र में समिति प्रबंधन को धान ढंकने और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। शुक्रवार को भटगांव, पोटियाडीह, कोड़ेबोड़ सहित अधिकांश केंद्रों में भी खरीदी एहतियातन बंद रखने का निर्णय लिया गया।

विभिन्न क्षेत्रों में दर्ज वर्षा

20 नवंबर को जिले के वर्षामापी केंद्रों में धमतरी में 4.8 मिमी, कुरूद में 5.1 मिमी, मगरलोड में 4.8 मिमी, नगरी में 5.6 मिमी, भखारा में 6.6 मिमी, कुकरेल में 8.0 मिमी तथा बेलरगांव में 6.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।अतः जिला प्रशासन ने अधिकारियों एवं समिति प्रबंधनों को मौसम पर लगातार नजर रखने और उपार्जित धान की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *