असामयिक बारिश की आशंका को देखते हुए धान की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें – कलेक्टर श्री मिश्रा

सभी धान उपार्जन केंद्रों में केप कवर, तिरपाल और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

धमतरी। असामयिक वर्षा एवं चक्रवात अकवन की संभावना को देखते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में भंडारित धान की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गुरुवार देर शाम जिले के सभी एसडीएम, धान खरीदी केंद्रों के जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों, जिला खाद्य अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को धान को बारिश से सुरक्षित रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

धान को बारिश से बचाने के लिए केप कवर और तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी धान खरीदी केंद्रों में खरीदे गए धान की व्यवस्थित स्टैकिंग कर उसे केप कवर एवं तिरपाल से अच्छी तरह ढका जाए। सभी केंद्रों में पर्याप्त संख्या में केप कवर उपलब्ध रहें, ताकि बारिश से धान को किसी प्रकार का नुकसान न हो।

सभी उपार्जन केंद्रों में ड्रेनेज और जल निकासी की होगी पुख्ता व्यवस्था

धान खरीदी केंद्रों में पानी जमा होने से रोकने के लिए अनिवार्य रूप से ड्रेनेज एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एसडीएम को धान उपार्जन केंद्र प्रभारियों एवं नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने तथा नियमित निरीक्षण और निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

जिन केंद्रों में धान का उठाव पहले होना है, उनकी सूची तैयार करने के निर्देश

कलेक्टर श्री मिश्रा ने धान का शीघ्र उठाव करने वाले खरीदी केंद्रों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि प्राथमिकता के आधार पर वहां से धान का उठाव कराया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि असामयिक बारिश के कारण उपार्जन केंद्रों में रखे धान को नुकसान नहीं होना चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारी समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *