रोजगार मेले में 55 युवाओं को मिली नौकरी, 450 ने कराया ऑनलाइन पंजीयन

आईटीआई कुरूद में आयोजित मेले में छह निजी कंपनियों ने 187 पदों के लिए की भर्ती प्रक्रिया, 59 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक और 55 का अंतिम चयन

व्यावसायिक मार्गदर्शन कार्यक्रम में युवाओं को कौशल विकास, उच्च शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं की दी गई जानकारी

धमतरी। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, धमतरी द्वारा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), कुरूद में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया।

छह निजी कंपनियों ने 187 पदों के लिए की भर्ती प्रक्रिया

कलेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले में छह निजी कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न पदों पर कुल 187 रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की।

59 युवाओं का प्रारंभिक चयन, 55 को मिला अंतिम चयन

रोजगार मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कुल 450 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीयन कराया, जिनमें से 70 अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में शामिल हुए। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता, कौशल एवं अनुभव के आधार पर साक्षात्कार और मूल्यांकन किया। प्रक्रिया के दौरान 59 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया, जबकि 55 युवाओं का अंतिम रूप से चयन हुआ।

युवाओं को कौशल विकास, उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों पर मिला मार्गदर्शन

रोजगार मेले के साथ व्यावसायिक मार्गदर्शन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें युवाओं को रोजगार के बदलते स्वरूप, कौशल विकास, उच्च शिक्षा तथा निजी एवं शासकीय क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप व्यावसायिक दक्षता विकसित करने और रोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी डॉ.शशी अतुलकर ने कहा कि रोजगार मेले शिक्षित बेरोजगार युवाओं और नियोजक संस्थानों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इनके माध्यम से युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि अधिकाधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए।उन्होंने आईटीआई के आईटी, कोपा, फिटर एवं सोलर ट्रेड के प्रशिक्षणार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसरों, आगामी रोजगार मेलों, निजी कंपनियों में उपलब्ध नौकरियों तथा शासकीय सेवाओं की भर्ती प्रक्रिया के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया।कार्यक्रम में संस्था के प्लेसमेंट अधिकारी सुरेन्द्र देवांगन सहित आईटीआई के प्रशिक्षणार्थी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *