
धमतरी के प्रतीक ताम्रकार का स्टार्टअप ‘ऑटो जीएसटी’ आईआईटी बॉम्बे के राष्ट्रीय मंच के लिए चयनित
देशभर से चयनित सात टीमों में बनाई जगह, FinEDGE PitchArena-2026 के लाइव पिचिंग सत्र में प्रस्तुत करेंगे स्टार्टअप का आइडिया
कलेक्टर ने दी बधाई, कहा- जिले के युवाओं की नवाचार क्षमता और उद्यमशीलता को मिली राष्ट्रीय पहचान
धमतरी। जिले में आयोजित युवा फेस्ट-2026 के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। इस आयोजन के तहत युवाओं को तकनीक, नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मिले प्रोत्साहन का परिणाम है कि धमतरी के युवा उद्यमी प्रतीक ताम्रकार के स्टार्टअप ‘ऑटो जीएसटी (AutoGST)’ का चयन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे के प्रतिष्ठित FinEDGE PitchArena-2026 के लिए हुआ है।
प्रतीक ताम्रकार के ‘ऑटो जीएसटी’ स्टार्टअप ने देशभर की सात चयनित टीमों में बनाई जगह
देशभर से प्राप्त आवेदनों के मूल्यांकन के बाद चयनित सात टीमों में उनके स्टार्टअप ने जगह बनाई है।इस उपलब्धि के साथ प्रतीक ताम्रकार को आईआईटी बॉम्बे में आयोजित लाइव पिचिंग सत्र में अपने स्टार्टअप की अवधारणा, तकनीकी नवाचार एवं व्यावसायिक संभावनाओं को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। यह जिले के युवाओं की प्रतिभा और तकनीकी दक्षता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
जीएसटी एवं वित्तीय अनुपालन प्रक्रियाओं को तकनीक से सरल बनाने की दिशा में पहल
प्रतीक ताम्रकार का स्टार्टअप ‘ऑटो जीएसटी’ RegTech एवं SupTech क्षेत्र में कार्यरत है। इसके माध्यम से जीएसटी और वित्तीय अनुपालन से जुड़ी प्रक्रियाओं को तकनीक आधारित बनाकर सरल, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वित्तीय एवं कर संबंधी प्रक्रियाओं में आधुनिक तकनीक के उपयोग की दिशा में यह एक नवाचारी पहल है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने दी बधाई, अन्य युवाओं के लिए बताया प्रेरणादायक उपलब्धि
कलेक्टर ने इस उपलब्धि पर प्रतीक ताम्रकार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।कहा कि जिले के युवा का आईआईटी बॉम्बे जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के लिए चयनित होना धमतरी के लिए गौरव की बात है। यह जिले में मौजूद युवा प्रतिभाओं, नवाचार की संभावनाओं और उद्यमशीलता के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतीक की यह उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं को भी नए विचारों के साथ आगे बढ़ने और स्टार्टअप के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
युवा फेस्ट-2026 से जिले के युवाओं को मिल रहा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर
उल्लेखनीय है कि धमतरी में 24 एवं 25 अप्रैल को आयोजित युवा फेस्ट-2026 का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनके कौशल विकास, नवाचार एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करना था,आयोजन के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कार्यशाला सहित तकनीक, खेल, कला, संस्कृति और नवाचार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई थीं। AI कार्यशाला में युवाओं को आधुनिक तकनीक और उसके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई थी।
प्रतीक ताम्रकार के स्टार्टअप का आईआईटी बॉम्बे के कार्यक्रम के लिए चयन युवा फेस्ट-2026 की उपलब्धियों में एक महत्वपूर्ण कड़ी है। यह साबित करता है कि स्थानीय स्तर पर युवाओं को उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने से उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर मंच मिल सकता है। इस उपलब्धि से जिले के अन्य युवा भी अपने नवाचारी विचारों को स्टार्टअप के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित होंगे।

