अवैध धान भंडारण और परिवहन पर प्रशासन की कार्रवाई, 66 क्विंटल धान जब्त

ग्राम छाती और देमार में तीन अलग-अलग प्रकरणों में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त कार्रवाई

धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में अनियमितता रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अवैध भंडारण और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में कुरूद विकासखंड के ग्राम छाती और देमार में तीन अलग-अलग प्रकरणों में कुल 164 कट्टा (लगभग 66 क्विंटल) धान जब्त किया गया।

दुकानों में अवैध भंडारण और बिना दस्तावेज परिवहन का मामला

जांच के दौरान ग्राम छाती में व्यापारी केशव यदु की दुकान से 55 बोरी (लगभग 21 क्विंटल) और दुष्यंत कुमार मेषपाल की दुकान से 15 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित मिला। वहीं ग्राम देमार में भखारा-धमतरी मार्ग पर बिना वैध दस्तावेज परिवहन करते हुए 75 कट्टा (लगभग 30 क्विंटल) धान पकड़ा गया। जब्त धान को मंडी निरीक्षक धमतरी के सुपुर्द किया गया है।

धान खरीदी में अनियमितता रोकने प्रशासन की निगरानी जारी

तीनों मामलों में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने बताया कि धान खरीदी केंद्रों, सीमावर्ती क्षेत्रों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और परिवहन मार्गों पर निगरानी जारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *