

पशुओं के टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और किसान क्रेडिट कार्ड प्रकरणों की प्रगति जानी, गौशाला एवं गौधाम संचालन की भी की समीक्षा
धमतरी। जिले में पशुपालन एवं मत्स्यपालन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने दोनों विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और मैदानी स्तर पर गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
पशुपालकों और मछलीपालकों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने पर कलेक्टर का जोर
बैठक में कलेक्टर ने पशुपालन विभाग के अंतर्गत पशुओं के टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) प्रकरणों तथा पशु सखियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सहकारी समितियों के गठन, दुधारू पशुओं के प्रदाय तथा गौशाला एवं गौधाम के संचालन की प्रगति की भी समीक्षा की।इसी तरह मत्स्यपालन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मछलीपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड प्रकरणों और विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें अधिकारी
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र पशुपालकों एवं मछलीपालकों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें समय पर लाभान्वित करें। साथ ही योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करते हुए मैदानी स्तर पर बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें।इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर प्रीति दुर्गम, पशुपालन विभाग के उपसंचालक मरकाम सहित पशुपालन एवं मत्स्यपालन विभाग के विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

