बंजर भूमि पर लहलहाएंगे पौधे, हरियाली से संवरेगा खिसोरा गांव

चारागाह की 7 एकड़ भूमि पर 9.57 लाख रुपये की लागत से लगाए गए 1,000 पौधे, 880 सुरक्षित; तीन साल तक आस्था महिला स्व-सहायता समूह करेगा देखरेख

धमतरी। मगरलोड विकासखंड की ग्राम पंचायत खिसोरा में बंजर चारागाह भूमि को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की पहल की गई है। वीबी-जी राम जी योजना के तहत वर्ष 2026-27 में गांव की 7 एकड़ भूमि पर 9.57 लाख रुपये की लागत से विभिन्न प्रजातियों के 1,000 पौधे लगाए गए हैं। इनमें से वर्तमान में 880 पौधे जीवित हैं।

वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को मिलेगा बढ़ावा

इस वृक्षारोपण में आम, जामुन, करौंदा, गुलमोहर, आंवला, पीपल और बरगद जैसे फलदार एवं छायादार पौधे शामिल हैं। इनके विकसित होने से गांव में हरियाली बढ़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और मिट्टी एवं जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

तीन वर्षों तक आस्था महिला समूह करेगा पौधों की देखरेख

इस पहल की खास बात पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी तय करना है। आस्था महिला स्व-सहायता समूह, आस्था महिला संगठन करेलीबाड़ी को तीन वर्ष की लीज अवधि के लिए पौधों की सिंचाई, सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे महिला समूह की सामुदायिक विकास में भागीदारी बढ़ने के साथ आजीविका के अवसर भी उपलब्ध होंगे।ग्राम पंचायत खिसोरा में वीबी-जी राम जी के तहत अधोसंरचना निर्माण और जल संरक्षण से जुड़े अन्य कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। इनका उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ गांव में टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना है।

सात एकड़ चारागाह भूमि को हरित क्षेत्र में बदलने की पहल

चारागाह भूमि पर विकसित हो रहा यह हरित क्षेत्र आने वाले वर्षों में गांव को फलदार वृक्षों, छाया और स्वच्छ पर्यावरण की सौगात देगा। महिला समूह की भागीदारी और पौधों की नियमित देखरेख से खिसोरा में हरित विकास की नई पहल आकार ले रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *