
चार जिलों के एफपीओ प्रतिनिधियों ने कार्यशाला में जाना मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग और निर्यात का तरीका
धमतरी। किसानों की आय बढ़ाने और कृषि आधारित उद्यमों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के तहत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कार्यशाला आयोजित की गई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में धमतरी सहित बलौदाबाजार, दुर्ग और बलौद जिले के कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के प्रतिनिधि शामिल हुए।
गुणवत्ता, पैकेजिंग और ब्रांडिंग पर कलेक्टर ने दिया जोर
कार्यशाला में कच्ची घानी एवं कोल्ड प्रेस तकनीक से उत्पादित खाद्य तेल को महानगरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान तेल की गुणवत्ता, शुद्धता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, गुणवत्ता प्रमाणन, विपणन और निर्यात प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
स्थानीय तिलहन से तैयार उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की तैयारी
कलेक्टर ने कहा कि एफपीओ सामूहिक रूप से किसानों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। स्थानीय तिलहन का प्रसंस्करण कर गुणवत्तापूर्ण खाद्य तेल तैयार करने से किसानों को उपज का बेहतर मूल्य मिल सकता है। उन्होंने एफपीओ को गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग, ब्रांड निर्माण और बाजार की मांग के अनुरूप व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने के लिए प्रेरित किया।
कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण से बढ़ेगा किसानों का मुनाफा
कार्यशाला में कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन, खाद्य प्रसंस्करण और बाजार से बेहतर जुड़ाव के लिए विभागों एवं संबंधित संस्थानों के समन्वय से कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। इस पहल से किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

