
मखाना उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन की सीख लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ेंगी महिला कृषक
धमतरी। महिला स्व-सहायता समूहों को कृषि आधारित नए आजीविका अवसरों से जोड़ने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में 26 एवं 27 नवंबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला आयोजित की गई। राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की केंद्र प्रवर्तित योजना के तहत आयोजित इस कार्यशाला में धमतरी जिले की 40 महिला कृषकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा भी उपस्थित रहे।
धमतरी की छाती और सांकरा की 40 महिला कृषकों ने सीखी मखाना उत्पादन की तकनीक
कार्यशाला में ग्राम छाती की महिला कृषक समूह की 20 तथा विकासखंड नगरी के ग्राम सांकरा की 20 महिलाओं ने हिस्सा लिया। राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा (बिहार) और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने महिलाओं को मखाना की उन्नत खेती, वैज्ञानिक उत्पादन तकनीक, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग एवं विपणन की जानकारी दी।
मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण से बढ़ेगी ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता
प्रशिक्षण के दौरान महिला समूहों को सामूहिक रूप से मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण का व्यवसाय शुरू करने तथा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उत्पाद की गुणवत्ता बढ़ाने और बाजार तक पहुंच बनाने के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया गया।
महिला स्व-सहायता समूहों को कृषि आधारित उद्यमों से जोड़ने की पहल
इस पहल से धमतरी जिले की महिला कृषकों को कृषि आधारित उद्यमिता के नए अवसर मिलेंगे। मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण से जुड़कर महिला स्व-सहायता समूह अपनी आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।

