
जर्जर आवास खाली करने की समझाइश, नवीन आवास योजना में आवास उपलब्ध कराने की पहल
धमतरी। विवेकानंद वार्ड क्रमांक 37 स्थित अटल आवास में प्लास्टर गिरने की घटना पर नगर पालिक निगम धमतरी ने तत्काल स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की।जांच में आवास करीब 20 वर्ष पुराना पाया गया,जो बारिश के दौरान सीलन के कारण 20 सितंबर को छत के प्लास्टर का कुछ हिस्सा गिरा था, जिससे निवासी रोशन टण्डन को आंशिक चोट आई थी।
नगर निगम द्वारा की गई प्रमुख कार्रवाई – आवास का तत्काल स्थल निरीक्षण कर भवन की स्थिति का जायजा लिया गया एवं सुरक्षा की दृष्टि से रोशन टण्डन को अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट होने की समझाइश दी गई तथा संबंधित परिवार को शासन की AHP (Affordable Housing Project) योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई और पुराने एवं जर्जर आवासों को चरणबद्ध रूप से रिक्त कर नवीन आवास निर्माण की कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है।145 नवीन आवासों से संबंधित दो AHP परियोजनाओं का प्रस्ताव राज्य शासन/सूडा संचालनालय को भेजा जा चुका है।पुराने आवासों में निवासरत परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निरीक्षण एवं समझाइश की कार्रवाई जारी है।नगर निगम ने बताया कि पात्र परिवारों को नवीन आवास परियोजनाओं के माध्यम से सुरक्षित एवं बेहतर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया जारी है।

