
सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणाम, उपचार और पुनर्वास की दी जानकारी
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम जी-जामगांव में नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया एवं नेहरू युवा केंद्र के सहयोग से विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों को सामने रखा।वहीं ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।नुक्कड़ नाटक के जरिए बताया गया कि नशे की लत का असर व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। विद्यार्थियों ने ‘नमो सेवा गाथा’ गीत के माध्यम से सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।साथ में विभागीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सहभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ ली। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने नशे की लत से प्रभावित लोगों के लिए उपलब्ध उपचार, परामर्श और पुनर्वास सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तियों को तिरस्कार नहीं, बल्कि उपचार और सहयोग की जरूरत है।कार्यक्रम में युवाओं से शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को नशे से दूर रखना तथा प्रभावित व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए सहयोगी वातावरण तैयार करना रहा।

