
धमतरी। राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के कल्याण के साथ उनके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के प्रतिभावान बच्चों के लिए शिक्षा के नए अवसरों के द्वार खोल रही है।रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने श्रमिक परिवारों के प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उनके साथ भोजन भी किया एवं बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निर्माण श्रमिकों के बच्चों को भी देश के बेहतरीन निजी विद्यालयों में पढ़ने का समान अधिकार है। सरकार उनकी शिक्षा का पूरा खर्च वहन कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध करा रही है।विभागीय अधिकारी ने बताया कि इस सम्मान समारोह में धमतरी जिले के 7 नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया।योजना के अंतर्गत अनुबंधित 9 जिलों के निजी आवासीय विद्यालयों में चयनित बच्चों को कक्षा छठवीं से बारहवीं तक पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। विद्यालय में अध्ययन, आवास सहित आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ बच्चों को मिलेगा।योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को केवल बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और भविष्य की संभावनाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में अध्ययन से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और प्रतियोगी अवसरों का लाभ मिलेगा।


