

जिले में पहली बार SAFEMA/NDPS Act के तहत नशे के कारोबार से जुड़ी 35.85 लाख से अधिक की चल-अचल संपत्ति फ्रीज
धमतरी। एसपी के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने नशे के कारोबारियों के विरुद्ध बड़ी एवं प्रभावी आर्थिक कार्यवाही की है।थाना प्रभारी सिटी कोतवाली द्वारा विस्तृत जांच, वित्तीय विश्लेषण एवं उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपियों की संपत्तियों की जानकारी एकत्रित की गई,जांच में बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा योजनाओं, वाहनों एवं अचल संपत्तियों में निवेश की जानकारी सामने आई।उक्त संपत्तियों को NDPS Act, 1985 की धारा 68F के तहत फ्रीज करने की कार्यवाही की गई तथा प्रकरणों को सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA, मुंबई के समक्ष प्रस्तुत किया गया।प्रथम SAFEMA प्रकरण -आरोपी आरती रजक, पत्नी स्व. राम रजक से संबंधित बैंक खातों एवं निवेशित राशि की जांच में कुल 12,93,636.76 रूपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई। द्वितीय SAFEMA प्रकरण-आरोपी करण सिंह धुरी,पत्नी उषा बाई धुरी एवं पुत्री जाइका धुरी से संबंधित बैंक खातों, वाहन एवं अचल संपत्तियों सहित कुल 22,91,479.75 रूपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई।सक्षम प्राधिकारी द्वारा प्रकरण में उपलब्ध दस्तावेजों, साक्ष्यों एवं अभिलेखों का परीक्षण किया गया तथा संबंधित पक्षों को सुनवाई का पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद संपत्तियों के वैध आय स्रोत के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके,जिस पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA, मुंबई द्वारा थाना सिटी कोतवाली धमतरी के फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी गई,इसके पहले भी संबंधित आरोपियों के विरुद्ध NDPS Act के तहत अपराध पंजीबद्ध हैं तथा उनके विरुद्ध PITNDPS Act के तहत भी वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।


