

धमतरी। कलेक्टर के निर्देशन में समाज कल्याण विभाग,के सहयोग से जननी सेवा संस्थान, अर्जुनी द्वारा संचालित सियानगुड़ी (डे-केयर सेंटर) में वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया।शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना, दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उपचार एवं आवश्यक परामर्श प्रदान करना है।शिविर में लगभग 40 वरिष्ठ नागरिकों ने नेत्र परीक्षण का लाभ उठाया,एम.जी.एम. नेत्र चिकित्सालय, रायपुर से आए आउटरीच टीम के विशेषज्ञों द्वारा सभी हितग्राहियों की आंखों की जांच की गई तथा परीक्षण के उपरांत आवश्यकता अनुसार पात्र वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया तथा नेत्र स्वास्थ्य एवं दृष्टि संरक्षण संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया।वहीं शिविर में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।


