

योग और पौधरोपण के माध्यम से स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की पहल
योगाभ्यास, प्राणायाम एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर की सहभागिता
धमतरी। एसपी के निर्देशन एवं उपस्थिति में रक्षित केंद्र धमतरी में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर योग शिविर एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।योग शिविर में आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या रूची साहू द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास के साथ -साथ योग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान एवं स्वस्थ बनाए रखने मेंमहत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।उनके योगदान एवं पुलिस अधिकारियों- कर्मचारियों को योग के प्रति जागरूक करने के सराहनीय प्रयासों को देखते हुए एसपी द्वारा दोनों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया और कहा कि “योग का वास्तविक अर्थ जुड़ना है। योग हमें शरीर, मन एवं आत्मा से जोड़ता है। पुलिस सेवा स्वभावतः चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण होती है, ऐसे में योग एवं प्राणायाम तनाव प्रबंधन का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को नियमित रूप से योग अपनाना चाहिए तथा अपने परिवारजनों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।वहीं योग शिविर के उपरांत पुलिस लाइन रूद्री परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का पौधरोपण किया गया,एसपी सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संवर्धन हेतु सक्रिय योगदान देने का संदेश देते हुए कहा कि वृक्ष पृथ्वी पर जीवन के आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है,अतः अधिक से अधिक पौधरोपण कर तथा उनकी देखभाल सुनिश्चित कर हम प्रकृति एवं मानव जीवन की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।


