
जिले में 32 प्रकरण दर्ज, ओडिशा सीमा पर छह चेकपोस्ट से हो रही निगरानी
धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान भंडारण, परिवहन और पुनर्चक्रण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर राजस्व, खाद्य, मंडी, सहकारिता और कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों का उड़नदस्ता दल गठित किया गया है।
ओडिशा सीमा पर छह चेकपोस्ट से वाहनों की निगरानी
ओडिशा सीमा से लगे बोराई (घुटकेल), बांसपानी, बनरौद, सांकरा, जैतपुरी और मोहेरा में छह चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां तैनात अमला संदिग्ध वाहनों की जांच और धान परिवहन से संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण कर रहा है।
जिले में अब तक 1,441.05 क्विंटल अवैध धान जब्त
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत अब तक जिले में अवैध धान संग्रहण एवं परिवहन के 32 प्रकरण दर्ज कर मंडी अधिनियम 1972 के तहत कुल 1,441.05 क्विंटल धान जब्त किया गया है। उड़नदस्ता दलों द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों और संदिग्ध स्थानों पर भी लगातार जांच की जा रही है।
धान खरीदी में गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने कहा है कि धान खरीदी में अनियमितता, अवैध भंडारण और परिवहन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर खरीदी का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचाना है। किसानों से भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत धान विक्रय करने की अपील की गई है।

