सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जामपानी के ग्रामीणों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों की दी जानकारी

थाना बोराई में जागरूकता बैठक आयोजित, महिला कमांडो को नशामुक्ति एवं सामाजिक सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने किया प्रेरित

धमतरी। पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एसपी के निर्देशन में 20 नवंबर को थाना बोराई परिसर में ग्राम जामपानी के ग्रामीणों, महिला कमांडो एवं जनप्रतिनिधियों की जागरूकता बैठक आयोजित की गई।

साइबर ठगी से बचाव और शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी

बैठक में ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी देते हुए अनजान कॉल, फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी तथा ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई एवं साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक

साथ ही यातायात नियमों की जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।महिला सुरक्षा के संबंध में महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या अन्य अपराध की स्थिति में बिना किसी भय के पुलिस को सूचना देने प्रेरित किया गया।

महिला कमांडो को नशामुक्ति और सामाजिक सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने किया प्रेरित

बैठक में महिला कमांडो की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए उन्हें गांव में महिला सुरक्षा, नशामुक्ति, सामाजिक कुरीतियों और असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही ग्रामीणों से गांव को नशामुक्त एवं स्वच्छ बनाने और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।

पुलिस-जनता के सहयोग से सुरक्षित, स्वच्छ और नशामुक्त गांव बनाने की अपील

धमतरी पुलिस ने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग एवं विश्वास से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। इसी उद्देश्य से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *