
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के आंदोलन को दिया समर्थन, कर्मचारियों की मांगें पूरी करने और किसानों को मुआवजा देने की मांग
रायपुर। माना तूता धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहीं छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ की महिलाओं को राष्ट्रीय समन्वयक पिछड़ा वर्ग कांग्रेस नई दिल्ली लेखराम साहू ने समर्थन दिया। उन्होंने आंदोलनरत कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के धरना-प्रदर्शन को लेखराम साहू ने दिया समर्थन
साहू ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं कोरोना महामारी, कुपोषण उन्मूलन, चुनाव कार्य एवं महतारी वंदन योजना सहित शासन की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करती रही हैं, लेकिन आज उन्हें अपनी मांगों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है।
बेमौसम बारिश से फसल नुकसान, सर्वे और मुआवजे पर उठाए सवाल
प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ पटवारी एवं राजस्व कर्मचारी भी हड़ताल पर हैं, जिससे आम जनता के शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं बेमौसम बारिश से किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं,ऐसे में पटवारी और राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल के बीच फसल क्षति का सर्वे और मुआवजे की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है।उन्होंने भाजपा सरकार पर कर्मचारियों और किसानों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर हैं और किसान फसल नुकसान से चिंतित हैं, लेकिन सरकार मौन है।
कर्मचारियों की जायज मांगों का शीघ्र निराकरण करे सरकार
साहू ने सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों की जायज मांगों का शीघ्र निराकरण करने तथा बारिश से प्रभावित किसानों की फसलों का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की।

