
वृहद शेड निर्माण का विधिवत भूमिपूजन, ग्रामीणों को सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए मिलेगी सुविधा
देवपुर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने का होगा प्रयास – मोनिका देवांगन
धमतरी। जिला पंचायत सभापति एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति मोनिका ऋषभ देवांगन के प्रयासों से ग्राम देवपुर को 30 लाख रुपये की लागत से वृहद शेड निर्माण की सौगात मिली है।
जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन ने विधिवत किया भूमिपूजन
स्वीकृत निर्माण कार्य का भूमिपूजन सभापति मोनिका देवांगन के मुख्य आतिथ्य में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामवासियों को विकास कार्य की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए मिलेगी सुविधा
देवांगन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देना उनका निरंतर प्रयास है। 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह वृहद शेड सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए ग्रामवासियों के लिए उपयोगी साबित होगा।
पर्यटन विकास से स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
कहा कि देवपुर पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण संभावनाओं वाला क्षेत्र है। इसे बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रयास किए जाएंगे। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से न केवल देवपुर की पहचान बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि ग्राम की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के अनुरूप आने वाले समय में अन्य विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए भी शासन-प्रशासन के समक्ष मांग रखी जाएगी।
वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष मिश्रीलाल पटेल ने कहा कि गांवों में विकास कार्यों की स्वीकृति और उनका क्रियान्वयन ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला महामंत्री हेमंत चंद्राकर ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है।जनपद पंचायत उपाध्यक्ष केशव साहू ने सार्वजनिक उपयोग के निर्माण कार्यों को गांवों की आवश्यकताओं के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं पूर्व मंडल अध्यक्ष ऋषभ देवांगन ने देवपुर के विकास और पर्यटन की संभावनाओं को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
जिला पंचायत सभापति के प्रति आभार व्यक्त किया
अंत में ग्राम सरपंच देवलाल साहू ने ग्रामवासियों की ओर से जिला पंचायत सभापति के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह निर्माण कार्य गांव की महत्वपूर्ण आवश्यकता थी, जिसकी स्वीकृति से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।इस अवसर पर पूर्व सरपंच चेतन यादव, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठजन, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

