
12वीं के 90 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार और 10वीं के मेधावी विद्यार्थियों को 41 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, ग्राम पंचायत नगरी को भेंट किया कंप्यूटर सेट
धमतरी। समाज के विकास में जनभागीदारी और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाते हुए नगरी क्षेत्र के समाजसेवी रामाराव बघेल शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं सामाजिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके द्वारा ग्राम पंचायत नगरी को कंप्यूटर सेट भेंट कर पंचायत में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार की पहल की गई है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित।
उनके इस सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और कहा कि समाज के जागरूक एवं सामर्थ्यवान नागरिकों की सहभागिता से ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलती है। ऐसे प्रयास अन्य लोगों को भी जनहित के कार्यों में सहयोग के लिए प्रेरित करते हैं।
मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष देते हैं प्रोत्साहन राशि
श्री बघेल शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हैं। इसी उद्देश्य से वे कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष 51 हजार रुपये तथा कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 41 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करते हैं। उनकी इस पहल से क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर और प्रोत्साहन मिल रहा है।
सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी योगदान
शिक्षा और ग्रामीण विकास के साथ श्री बघेल धार्मिक, सांस्कृतिक एवं विभिन्न जनहितकारी आयोजनों में भी सहयोग करते हैं। उनका मानना है कि सामूहिक सहभागिता और परस्पर सहयोग से ही समाज का समग्र विकास संभव है।
दानवीर पोर्टल से बढ़ेगी जनभागीदारी
कलेक्टर ने ‘मेरी पंचायत’ के अंतर्गत संचालित दानवीर पोर्टल की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से समाजसेवी एवं इच्छुक नागरिक अपनी ग्राम पंचायत की आवश्यकताओं के अनुरूप संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग कर सकते हैं। इससे ग्रामीण विकास में जनभागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।रामाराव बघेल द्वारा कंप्यूटर सेट भेंट करने और मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने जैसे प्रयास समाज के प्रति जिम्मेदारी और सहयोग की भावना का प्रेरक उदाहरण हैं।

