नगरी क्षेत्र में अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई, चार प्रतिष्ठानों से 614 कट्टा धान जब्त

संयुक्त जांच दल ने 245.60 क्विंटल धान पकड़ा, मंडी अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई

धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध धान के भंडारण एवं कारोबार पर अंकुश लगाने जिला प्रशासन द्वारा लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर के निर्देश पर नगरी क्षेत्र में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने चार प्रतिष्ठानों में दबिश देकर कुल 614 कट्टा (245.60 क्विंटल) धान जब्त किया।

चार स्थानों से 245.60 क्विंटल धान बरामद

जांच के दौरान बेलरगांव में भानुराम साहू के गोदाम से 81 कट्टा (32.40 क्विंटल), गट्टासिल्ली स्थित एसके फूड्स मिल से 233 कट्टा (93.20 क्विंटल), सफीका धान कुटाई केंद्र से 140 कट्टा (56 क्विंटल) तथा गेदरा स्थित रजा राइस इंडस्ट्रीज से 160 कट्टा (64 क्विंटल) धान अनियमित रूप से भंडारित पाया गया।

नगरी क्षेत्र के चार प्रतिष्ठानों में प्रशासन की जांच, 614 कट्टा धान जब्त

संयुक्त जांच दल ने दस्तावेजों एवं अभिलेखों की जांच के बाद चारों प्रतिष्ठानों से कुल 614 कट्टा धान जब्त कर मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की एवं जब्त धान को नियमानुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों की सुपुर्दगी में दिया गया।संबंधित प्रतिष्ठानों से भानुराम साहू (बेलरगांव), आसिफ मेमन एवं जावेद मेमन (गट्टासिल्ली) तथा जमीला बानो (रजा राइस इंडस्ट्रीज) जुड़े हुए हैं।

अवैध धान कारोबार पर प्रशासन की नजर

जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों, सीमावर्ती क्षेत्रों, राइस मिलों, गोदामों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान के अवैध भंडारण, परिवहन और अनधिकृत खरीदी-बिक्री की शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य वास्तविक किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ दिलाना और धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *